पंजाब में कर्मचारियों के DA (महंगाई भत्ता) को लेकर एक बड़े फ़ैसले की जानकारी सामने आई है। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पंजाब में लगभग 85 हज़ार कर्मचारियों को 60 प्रतिशत DA देने का फ़ैसला किया गया है।अमन अरोड़ा ने कहा कि अभी इन कर्मचारियों को 42 प्रतिशत DA मिल रहा है।
अब केंद्र की तर्ज़ पर इसे बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने का फ़ैसला किया गया है।उन्होंने बताया कि इस बारे में प्रस्ताव कैबिनेट कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को भेजा गया है और मुख्यमंत्री की मंज़ूरी के बाद ही इस पर अंतिम हस्ताक्षर होंगे।मंत्री अमन अरोड़ा के अनुसार, यह DA 17 जुलाई 2020 के बाद भर्ती हुए कर्मचारियों को दिया जाना है।
उनके इस बयान को हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों के एक समूह को मनाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। आपको बता दें कि पंजाब में कर्मचारियों और पंजाब सरकार के बीच DA एरियर (बकाया) को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है। DA एरियर का मुद्दा कई सालों से समस्या बना हुआ है।
इस मामले में यह भी सामने आया है कि हाई कोर्ट ने पंजाब सरकार को 15 दिनों के भीतर 14,191 करोड़ रुपये की बकाया राशि का भुगतान करने का आदेश दिया है। पंजाब सरकार ने इस आदेश के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया है।


