कहते हैं कि जब भगवान देता है तो छप्पर फाड़कर देता है। ऐसा ही एक गरीब दिहाड़ीदार परिवार के साथ हुआ है। इस गरीब परिवार की किस्मत ऐसी चमक उठी कि वह करोड़पति बन गया। मिली जानकारी के अनुसार कोटकपूरा की रहने वाली बिमला देवी ने महज 7 रुपये की लॉटरी टिकट खरीदकर 1 करोड़ रुपये का जैकपॉट जीत लिया है।
बिमला देवी का पति परिवार के गुजारे के लिए मजदूरी करता है और इस अचानक मिली बड़ी राशि ने परिवार के दिन बदल दिए हैं। बिमला ने यह टिकट रेलवे रोड पर रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक लॉटरी स्टॉल से खरीदी थी। उसने यह टिकट अचानक ही खरीद ली थी, लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि अगले ही दिन यह छोटा-सा दांव इतनी बड़ी खुशखबरी लेकर आएगा।
लॉटरी के नतीजे घोषित होने के बाद स्टॉल संचालक ने परिवार को फोन करके जानकारी दी कि बिमला ने सिक्किम सरकार द्वारा करवाई गई लॉटरी में 1 करोड़ रुपये का पहला इनाम जीता है। उसने बताया कि मजदूरी की कमाई से घर का खर्च चलाना कभी भी आसान नहीं था, लेकिन इस जीत ने उन्हें बच्चों के भविष्य के लिए नई उम्मीद दी है।
परिवार ने अभी यह फैसला नहीं किया है कि इस पैसे का इस्तेमाल कैसे किया जाए। बिमला ने कहा कि वे परिवार के अन्य सदस्यों से सलाह-मशविरा करेंगे और अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने तथा बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए कोई छोटा-मोटा कारोबार शुरू करने के बारे में भी विचार कर रहे हैं।


