बरनाला में सफाई कर्मचारियों के धरने के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज मामले में पंजाब सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर बरनाला के डीएसपी सतवीर सिंह को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।संगरूर से सांसद मीत हैयर ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए कहा कि बरनाला में सफाई कर्मचारियों के साथ हुई घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय थी।
उन्होंने बताया कि इस मामले को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ध्यान में लाया गया, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित डीएसपी को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए।पंजाब पुलिस के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) कार्यालय द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, डीएसपी (डीआर-2020) सतवीर सिंह, जो उस समय बरनाला में एसडी डीएसपी के रूप में तैनात थे, को पंजाब पुलिस के नियमों के तहत तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन के दौरान उनका हेडक्वार्टर चौथी कमांडो बटालियन, एसएएस नगर (मोहाली) निर्धारित किया गया है।प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश फैल गया था। विभिन्न सफाई कर्मचारी संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की थी।सरकार द्वारा की गई इस कार्रवाई को सफाई कर्मचारियों के साथ हुई घटना पर जवाबदेही तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिलहाल मामले से संबंधित विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।


