अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. अमेरिका ने लगातार सातवीं रात ईरान पर हवाई हमले किए. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि इन हमलों का मकसद ईरान की सैन्य ताकत को कमजोर करना है। ये कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर की जा रही है। इससे पहले ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर जरूरत पड़ी तो ईरान के अहम ठिकानों पर हमले और तेज किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि जरूरत पड़ने पर जमीनी सैन्य कार्रवाई का विकल्प भी खुला है।
सैन्य कार्रवाई के बीच ईरान ने कई बड़े दावे किए हैं. ईरानी मीडिया और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के अनुसार, बुशेहर के ऊपर उड़ रहे अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया गया है। ईरान का दावा है कि करीब 3.4 करोड़ डॉलर कीमत वाला यह ड्रोन कुछ ही पलों में नष्ट हो गया।हालांकि, अमेरिका ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार मोहसिन रज़ाई ने कहा कि अगर अमेरिकी हमले कुछ और दिनों तक जारी रहे तो ईरान पूरी ताकत के साथ जवाबी सैन्य अभियान शुरू करेगा. ईरानी सेना ने यह भी चेतावनी दी कि जिन देशों की जमीन या सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल अमेरिका करेगा, वहां मौजूद अमेरिकी कंपनियों को भी निशाना बनाया जा सकता है।


