संयुक्त किसान मोर्चा पंजाब ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित अमेरिका-भारत द्विपक्षीय व्यापार समझौते और मुक्त व्यापार समझौतों के विरुद्ध एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान करते हुए 22 जुलाई को पूरे राज्य के सभी टोल प्लाजों को फ्री करने और भाजपा नेताओं के घरों के बाहर धरने देने का ऐलान किया है।
किसान नेताओं ने केंद्र सरकार द्वारा दूसरे देशों के साथ किए जा रहे व्यापार समझौतों का सख्त विरोध किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कार्पोरेशनों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए देश के विशाल बाजार को विदेशी निवेशकों के लिए खोल रही है।विश्वव्यापी पूंजी और व्यापार का यह विस्तार घरेलू बाजार और अर्थव्यवस्था को पूरी तरह तबाह कर देगा, जिससे आम लोगों पर बुरा असर पड़ेगा।
सरकार असलियत छिपा रही है और कृषि तथा डेयरी क्षेत्रों को विदेशी व्यापार के लिए खोलकर अमेरिकी सरकार के आगे आत्मसमर्पण कर रही है।इससे भारत का पूरा कृषि क्षेत्र और इससे जुड़े कारोबार तबाह हो जाएंगे। इसके विरोध में, मोर्चा 22 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक राज्य भर में एक जोरदार विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रहा है।


