पंजाब सरकार द्वारा अप्रैल 2026 में श्री अकाल तख्त साहिब, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और गुरु खालसा पंथ की राय और सहमति के बिना पारित किए गए ‘द जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट, 2026’ के संबंध में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गड़ के आदेशानुसार पंजाब विधानसभा के समस्त सिख सदस्यों और राज्य सरकार के सिख कैबिनेट मंत्रियों को 29 जून 2026 को सचिवालय श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचने के लिए अधिकृत पत्र जारी किए जा चुके है।
सचिवालय श्री अकाल तख्त साहिब के इंचार्ज बगीचा सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि सिख विधायकों और कैबिनेट मंत्रियों को पंजाब विधानसभा की आधिकारिक वेबसाइट www.punjabassembly.gov.in पर दर्ज उनके ई-मेल पतों और मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सएप के माध्यम से सचिवालय श्री अकाल तख्त साहिब के अधिकृत पत्र दिनांक 17 जून और 18 जून 2026 को भेजे जा चुके हैं। विधानसभा के स्पीकर श्री कुलतार सिंह को पत्र दिनांक 23 जून 2026 को भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि समस्त विधायकों और मंत्रियों को उनके संपर्क नंबरों पर सचिवालय के अधिकारियों द्वारा फोन करके भी जानकारी दी गई है कि उन्हें अधिकृत पत्र भेजे गए हैं।बगीचा सिंह ने कहा कि कानूनी संशोधन से संबंधित मामले पर विचार और पक्ष सुनने के लिए समस्त सिख विधायकों और कैबिनेट मंत्रियों को 29 जून 2026 को सुबह 11 बजे श्री अमृतसर स्थित सचिवालय श्री अकाल तख्त साहिब बुलाया गया है। इसके अलावा कैबिनेट के गैर-सिख मंत्रियों को भी पत्र भेजे गए हैं, जिन्हें इस मामले पर 29 जून से पहले अपना लिखित पक्ष भेजने के लिए कहा गया है।


