जालंधर के फोलड़ीवाल इलाके में स्कॉर्पियो कार अचानक आग की चपेट में आ गई और उसमें धमाका हो गया। कार से एक व्यक्ति की जली हुई लाश बरामद हुई है। अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, आज सुबह फोलड़ीवाल इलाके में एक कार अचानक आग की लपटों में घिर गई।
आसपास मौजूद लोगों ने जब यह देखा तो वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का काम शुरू कर दिया।इस दौरान कार की ड्राइविंग सीट से एक व्यक्ति की जली हुई लाश भी बरामद हुई। फायर ब्रिगेड ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
फॉरेंसिक टीम भी मौके से सैंपल ले रही है।मौके पर पहुंचे जालंधर हाइट्स चौकी के इंचार्ज एएसआई जसदेव चंद ने बताया कि उन्हें सुबह फायर ब्रिगेड से सूचना मिली थी कि फोलड़ीवाल इलाके में एक कार में आग लग गई है। वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तब तक आग पर काबू पा लिया गया था।उन्होंने बताया कि कार के अंदर से एक लाश भी बरामद हुई है।
एएसआई के अनुसार, कार में आग लगने के बाद धमाका हुआ और कार खेतों में पलट गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह कार कपूरथला के एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड थी, लेकिन जब उस व्यक्ति से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि उसने कार पहले ही बेच दी थी।आग लगने के कारणों की अभी जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर सैंपल ले रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


