पंजाब के जल संसाधन, खनन एवं भू-विज्ञान तथा भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल द्वारा मानसून से पहले राज्य में बाढ़ रोकथाम कार्यों को पूरा करवाने के मद्देनजर राज्य का दौरा किया जा रहा है। इसी क्रम में आज लगातार तीसरे दिन जल संसाधन मंत्री ने जिला शहीद भगत सिंह नगर से होकर गुजरने वाली सतलुज नदी के किनारे चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्यों का जायजा लिया।
जिला शहीद भगत सिंह नगर के गांव बुर्ज टेहल दास में बाढ़ रोकथाम कार्यों का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा राज्य में बाढ़ रोकथाम कार्यों पर 600 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और 30 जून से पहले सभी प्रबंध पूरे कर लिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल पिछले तीन दिनों से विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। अमृतसर और जालंधर के बाद आज उन्होंने शहीद भगत सिंह नगर में बाढ़ रोकथाम प्रबंधों का निरीक्षण किया।श्री गोयल ने बताया कि यह पहली बार है कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा बाढ़ रोकथाम के लिए गंभीर प्रयास करते हुए इतनी बड़ी राशि नदियों के बांधों को मजबूत करने पर खर्च की जा रही है।
इससे पहले की सरकारें केवल औपचारिकता निभाती थीं, जिसका खामियाजा राज्य के लोगों को भुगतना पड़ता था।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी मानसून से पहले बाढ़ रोकथाम से संबंधित सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष आई बाढ़ के बाद विभाग के दो सुपरिंटेंडिंग इंजीनियरों की अगुवाई में बनी विशेष समिति द्वारा पंजाब की नदियों में कुल 132 संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है और सभी स्थानों को युद्ध स्तर पर मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्यवासियों को बाढ़ से बचाने के लिए फंड की कोई कमी नहीं है और सरकार लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।उन्होंने अधिकारियों को सख्ती से निर्देश दिए कि बाढ़ रोकथाम कार्य समय पर पूरे किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


