अमृतसर रूरल पुलिस ने फरीदकोट पुलिस के साथ मिलकर ज्वाईंट ऑपरेशन में भिंडी सैदा पुलिस स्टेशन पर हुए ग्रेनेड हमले का केस सुलझा लिया है, जिसमें बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो पिस्टल बरामद की हैं।
पंजाब के DGP गौरव यादव ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर यह जानकारी शेयर करते हुए कहा कि जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पाकिस्तान के एक हैंडलर के कहने पर आतंकी गतिविधियां कर रहे थे, जो उन्हें विदेश से निर्देश दे रहा था।यह मॉड्यूल पंजाब में पुलिस स्टेशनों को निशाना बनाने की योजना पर काम कर रहा था।
29 और 30 मार्च 2026 की रात को आरोपियों ने ग्रेनेड हासिल किए, इलाके की रेकी की और फिर भिंडी सैदा पुलिस स्टेशन पर हमला किया।पुलिस के मुताबिक, यह ग्रुप कट्टरपंथी सोच से प्रभावित था और उन्हें ऐसी घटनाओं को अंजाम देने के लिए बड़ी रकम का ऑफर दिया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया और जांच शुरू की। एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट, UAPA, BNS और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे आतंकवादी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक की पूरी जांच की जा रही है। पंजाब पुलिस ने साफ कर दिया है कि वह राज्य में शांति और भाईचारा बनाए रखने के लिए पूरी तरह से तैयार है और किसी भी तरह की आतंकवादी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी।


