टी 20 वर्ल्ड कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर टीम इंडिया ने फाइनल में जगह बना ली है। जबकि न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया था।
अब दोनों टीमें ट्रॉफी के लिए भिड़ने को तैयार है। दोनो के बीच फाइनल मुकाबला 8 मार्च 2026, रविवार को खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा।भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबले का टॉस शाम 6:30 बजे होगा। इसके बाद मैच की पहली गेंद शाम 7:00 बजे डाली जाएगी।इस मुकाबले में बड़ी संख्या में दर्शकों के जुड़ने की उम्मीद है।
टीम इंडिया के पास इस बार इतिहास रचने का शानदार मौका है। अगर भारत यह मुकाबला जीतता है तो वह तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर सकता है। खास बात यह भी है कि यह फाइनल भारत में खेला जा रहा है, जिससे टीम को घरेलू दर्शकों का भरपूर समर्थन मिलने वाला है।
वहीं न्यूजीलैंड की टीम भी शानदार फॉर्म में नजर आ रही है।सेमीफाइनल में उसने साउथ अफ्रीका को बड़े अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। टीम की कप्तानी मिचेल सैंटनर कर रहे हैं और उनकी रणनीति को इस टूर्नामेंट में काफी सराहा गया है।


