जालंधर में पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत द्वारा आज यहां रेड क्रॉस भवन में जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए तीन दिवसीय पंजाब सखी शक्ति मेला-2026 का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर अपने संबोधन दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सखी शक्ति मेला महिला सशक्तिकरण की दिशा में बेहतरीन प्रयास है, जो महिलाओं को आत्म-निर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि जो महिलाएं गांवों में घरों में बैठकर हस्तकला का काम करती हैं, उनके लिए यह मेला अपना कौशल दिखाने के लिए बहुत अच्छा मौका है, जिससे वे अपनी अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर सकें। श्री भगत ने कहा कि किसी भी देश या राज्य की तरक्की में महिलाओं का बहुत महत्वपूर्ण योगदान होता है और कोई भी देश या समाज महिलाओं की अनदेखी करके विकास नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है और महिलाओं की भलाई एवं बेहतरी के लिए दृढ़ वचनबद्ध है। कैबिनेट मंत्री ने सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं द्वारा मेले में लगाए गए स्टॉलों का दौरा भी किया।
उन्होंने महिलाओं का मनोबल बढ़ाते हुए जिलावासियों को अपने परिवारों समेत इस मेले में शिरकत करने और महिलाओं द्वारा बनाए उत्पादों की खरीदारी करके महिला सशक्तिकरण में योगदान देने का न्योता दिया।
मेले दौरान स्वै सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए आचार, चटनी, मुरब्बे, जूट का सामान, ऑर्गेनिक हल्दी, शहद एवं अन्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए थे। इस दौरान एच.एम.वी. कॉलेज एवं सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पचरंगां की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रोग्राम भी पेश किया गया।
इस मौके पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी गुरदर्शन लाल कुंडल, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी वीनू खन्ना, डिप्टी सी.ई.ओ. जिला परिषद सुखबीर कौर, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव सुरजीत लाल, शोभा भगत, सुदेश भगत, सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाएं एवं जिला रेड क्रॉस सोसाइटी का स्टाफ भी मौजूद था।


