गुरदासपुर जिले के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। धमकी मिलते ही प्रशासन और पुलिस तुरंत अलर्ट मोड में आ गए और स्कूलों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।जानकारी के मुताबिक यह धमकी डिप्टी कमिश्नर गुरदासपुर को ईमेल से भेजी गई थी।
ईमेल में कलानौर रोड पर स्थित जिया लाल मित्तल स्कूल, गुरदासपुर पब्लिक स्कूल, जवाहर नवोदय स्कूल और ट्रिनिटी स्कूल का जिक्र किया गया। ईमेल में लिखा गया कि दोपहर 1 बजे तक इन स्कूलों को बम से उड़ा दिया जाएगा।धमकी की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें हरकत में आ गई और स्कूलों के आस-पास सुरक्षा प्रबंध कड़े कर दिए गए।
इस दौरान स्कूल प्रबंधकों ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत छुट्टी का ऐलान कर दिया। सभी बच्चों को सुरक्षित तरीके से घर भेजा गया, जबकि पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर बनाई हुई है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। स्कूलों को बम की धमकी मिलने के बाद अब पठानकोट के एक कॉलेज को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ताजा मामला बहादुरपुर गांव में स्थित डिग्री कॉलेज फॉर विमेन से जुड़ा है, जहां धमकी मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं।


