पंजाब में आज लोहड़ी के मौके पर कड़ाके की ठंड का रेड अलर्ट है। इस सीजन में पहली बार मौसम विभाग की तरफ से ऐसा अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, ठंड अपने चरम पर पहुंच गई है और 15 जनवरी तक कड़ाके की ठंड से कोई राहत नहीं मिलेगी। इस दौरान कुछ जिलों में घना कोहरा रहने की संभावना है।
ठंड के कारण बठिंडा का न्यूनतम तापमान पहली बार 0.6 डिग्री तक पहुंच गया है, जो इस सीजन में पंजाब का सबसे कम तापमान है। हालात को देखते हुए पंजाब सरकार ने लोगों को सावधान रहने की एडवाइजरी भी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, 17-18 जनवरी को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है, जिससे सूखी ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।
ठंड को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने 13 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है, जबकि 14 जनवरी से स्कूल फिर से खुलेंगे। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने कहा है कि अभी कड़ाके की ठंड और शीतलहर चल रही है। ऐसे मौसम में बुज़ुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सभी को खुद को गर्म रखना चाहिए और सुबह-सुबह टहलने से बचना चाहिए। अगर टहलने जाना बहुत ज़रूरी हो, तो पूरे गर्म कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकलना चाहिए।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि कई जगहों पर लोग कमरों में आग जलाकर सोते हैं और खिड़कियां बंद कर लेते हैं, जो बहुत खतरनाक हो सकता है। इससे बचने की सलाह दी गई है।स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, ऐसी स्थिति करीब 15 दिनों तक बनी रहेगी, जिसके बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है।


