राजनीतिक और व्यावसायिक दोनों क्षेत्रों से जुड़ा एक नया पारिवारिक अपडेट सामने आया है, जिसने सोशल सर्किल में हलचल मचा दी है। गांधी-नेहरू परिवार में एक बार फिर जश्न का माहौल है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा (जिनका पूरा नाम रेहान राजीव वाड्रा है) की सगाई की खबरें जोरों पर है।
सूत्रों के अनुसार, रेहान वाड्रा ने अपनी सात साल पुरानी गर्लफ्रेंड और दोस्त अवीवा बेग को हाल ही में शादी के लिए प्रपोज किया था, जिसे अवीवा ने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया। दोनों परिवारों की सहमति के बाद इस रिश्ते को निजी समारोह में सगाई का रूप दे दिया गया। अवीवा बेग और उनका परिवार दिल्ली में रहता है, और दोनों परिवारों के बीच पहले से ही करीबी रिश्ते हैं।
हालांकि, परिवार की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन करीबी सूत्र इसकी पुष्टि कर रहे हैं।प्रियंका गांधी की होने वाली बहू अवीवा बेग दिल्ली की रहने वाली एक प्रोफेशनल फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर हैं। वह ‘एटेलियर 11’ (Atelier 11) की को-फाउंडर हैं, जो एक फोटोग्राफी स्टूडियो और प्रोडक्शन हाउस है।
अवीवा ने दिल्ली के मॉडर्न स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की और फिर ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से मीडिया कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में डिग्री हासिल की। वह राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी भी रह चुकी हैं।अवीवा की पहचान सिर्फ पारिवारिक रिश्तों से नहीं, बल्कि उनकी रचनात्मकता और कला से है।
उन्होंने कई प्रतिष्ठित कला प्रदर्शनियों में अपनी फोटोग्राफी दिखाई है, जैसे ‘यू कैनट मिस दिस’ (2023) जो मेथड गैलरी और इंडिया आर्ट फेयर के यंग कलेक्टर्स प्रोग्राम का हिस्सा था, ‘द इल्यूजरी वर्ल्ड’ (2019) और इंडिया डिजाइन आईडी, के2 इंडिया (2018) आदि। उनकी फोटोग्राफी को कला जगत में काफी सराहना मिली है।दूसरी ओर, रेहान वाड्रा भी फोटोग्राफी और विजुअल आर्ट में रुचि रखते हैं।
वह अक्सर अपनी मां प्रियंका गांधी के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों में नजर आते हैं, लेकिन खुद लाइमलाइट से दूरी बनाए रखते हैं। इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस जोड़ी को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। फिलहाल, सगाई या अन्य समारोहों की कोई सार्वजनिक तस्वीरें या घोषणा नहीं हुई है, लेकिन यह पारिवारिक खुशखबरी राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।


