दिल्ली से सटे शहरों में लगातार हवा में प्रदूषण का स्तर बना हुआ है। यहां के लोगों को प्रदूषित हवा से राहत नहीं मिल पा रही है। पिछले एक महीने से ही लगातार यहां के लोग जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर है।नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, हापुड़ और मेरठ जैसे जनपदों में लगातार एक्यूआई रेड जोन में बना हुआ है।
प्रदूषित हवा का असर अब यहां रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी देखने को मिल रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक यहां लोगों को आंखों में जलन और खांसी जैसी समस्याएं देखने को मिल रही है।यह शहर अब गैस चैंबर की तरह लगने लगे है।आने वाले दिनों में यहां लोगों को प्रदूषण से राहत मिलती नहीं दिख रही है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक़ शुक्रवार 5 दिसंबर को भी गाजियाबाद का लोनी इलाका प्रदेश का सबसे प्रदूषित क्षेत्र रहा।यहां एक्यूआई 400 से नीचे तो आया है लेकिन हवा अब भी बेहद ख़राब है। लोनी में आज सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 381 दर्ज किया गया वहीं वसुंधरा 303 और इंदिरापुरम में 290 एक्यूआई है।


