Tuesday, May 26, 2026

Google search engine
Homeस्पोर्टसटेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया को हराया

टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया को हराया

दक्षिण अफ्रीका टीम ने टीम इंडिया को कोलकाता के बाद गुवाहाटी में भी हरा दिया है। मेहमान टीम ने गुवाहाटी में खेला गया दूसरा टेस्ट 408 रनों के विशाल अंतर से जीता। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने 2-0 से सीरीज अपने नाम की।

25 साल बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम भारत में टेस्ट सीरीज जीती है। वहीं रनों के लिहाज से यह भारत की टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी हार है। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी बार साल 2000 में हैंसी क्रोन्ये की कप्तानी में भारत में टेस्ट सीरीज जीती थी। उस समय भी हैंसी क्रोन्ये की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से जीती थी।

अब 25 साल बाद टेंबा बावुमा ने वही कारनामा दोहराया है। 408 रनों की जीत दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी जीत है। गुवाहाटी टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने चौथी पारी में 549 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में टीम इंडिया 140 रनों पर ढेर हो गई। स्पिनर साइमन हार्मर ने 6 विकेट झटके। बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन करने वाले मार्को यानसेन को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला।

वहीं साइमन हार्मर प्लेयर ऑफ द सीरीज बने। भारत लगातार दूसरी बार घर पर टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप हुआ है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया था। अब दक्षिण अफ्रीका ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप दी है। करीब 40 साल बाद भारत घर पर लगातार दो टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments