श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा करवाए जा रहे समागमों की लड़ी के तहत गुरदासपुर से सजाया गया नगर कीर्तन आज जालंधर से होते हुए फगवाड़ा पहुंचा, जहां हजारों की संख्या में मौजूद संगत ने फूलों की वर्षा कर नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया और गुरु घर की खुशियां प्राप्त की।
जालंधर-कपूरथला जिले की सीमा पर सांसद डा. राज कुमार चब्बेवाल, हल्का इंचार्ज हरनूर सिंह हरजी मान, डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार पंचाल, एसएसपी गौरव तूरा तथा आस-पास के गांवों की बड़ी संख्या में संगत ने नगर कीर्तन का स्वागत किया।
इस मौके पर सांसद डा. चब्बेवाल ने कहा कि “नौवें पातशाह गुरु तेग बहादुर जी द्वारा मानव अधिकारों की रक्षा हेतु दिया गया बलिदान दुनिया रहने तक संगत को हक और सच के लिए लड़ने की प्रेरणा देता रहेगा।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार शहीदी शताब्दी को बड़े स्तर पर मना रही है, जिसके तहत पंजाब विधानसभा का विशेष सेशन भी श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित किया जा रहा है, जहां गुरु साहिब की शहादत को नमन किया जाएगा।


