भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 6 और 7 अक्तूबर को हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भारी बारिश संभावना बताई है। यह बारिश 4 अक्तूबर की रात से शुरू हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में लगभग 110 मिमी, जम्मू में 120 मिमी और हिमाचल प्रदेश में 160 से 180 मिमी बारिश हो सकती है।
हिमाचल और जम्मू में होने वाली बारिश का असर पंजाब में भी देखने को मिलेगा। हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश की संभावना है। पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, तरनतारन, रूपनगर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, मोगा, मानसा, गुरदासपुर, बरनाला और बठिंडा सहित कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। सावधानी के तौर पर, पंजाब सरकार ने रणजीत सागर डैम से रावी नदी में पानी छोड़ने की दर बढ़ा दी है।
पहले दो दिनों तक 10,000 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा था, लेकिन गुरुवार को इसे बढ़ाकर 37,686 क्यूसिक कर दिया गया। अक्तूबर का पहला सप्ताह पंजाब के लिए मुश्किल भरा हो सकता है। इस सप्ताह इतनी बारिश की भविष्यवाणी की गई है, जितनी पिछले 80 सालों में कभी दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 4 अक्तूबर की रात से बारिश शुरू हो सकती है और 6-7 अक्तूबर को भारी से अति भारी बारिश होने का अनुमान है। विशेषज्ञों का कहना है कि अक्तूबर में पहले कभी इतनी बारिश दर्ज नहीं की गई।
पंजाब में पहले ही करीब पांच लाख एकड़ फसल प्रभावित हो चुकी है। खेतों से रेत हटाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है ताकि खेतों को रबी की फसल के लिए तैयार किया जा सके। यदि फिर से बाढ़ आती है, तो खेतों में दोबारा रेत जमा होने की आशंका है।


