इनकम टैक्स रिटर्न भरने की आज आखिरी तारीख, विभाग ने कहा आधिकारिक हैंडल पर ही करे भरोसा
इनकम टैक्स रिटर्न भरने की तारीख बढाई नहीं गई है। आयकर विभाग (Income Tax Department)ने स्पष्ट कर दिया है कि आईटीआर फाइलिंग की समय सीमा 15 सितंबर से आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। विभाग ने सोशल मीडिया पर चल रही उन सभी खबरों को ‘फर्जी’ (Fake) करार दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि अंतिम तारीख को 30 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है।
आयकर विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट में कहा, “एक फर्जी खबर चल रही है कि आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि (जो मूल रूप से 31 जुलाई, 2025 थी और बाद में 15 सितंबर, 2025 तक बढ़ाई गई थी) को आगे बढ़ाकर 30 सितंबर, 2025 कर दिया गया है।
हम स्पष्ट करते है कि आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर, 2025 ही है”। विभाग ने टैक्स भरने वालों से कहा है कि वे केवल आधिकारिक हैंडल @IncomeTaxIndia से मिलने वाली जानकारी पर ही भरोसा करें ।
करदाताओं की मदद के लिए आयकर विभाग का हेल्पडेस्क 24 घंटे काम कर रहा है। विभाग ने बताया कि कॉल, लाइव चैट, वेबएक्स सेशन और ट्विटर/एक्स के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है, ताकि लोगों को आईटीआर फाइलिंग, टैक्स भुगतान और अन्य संबंधित सेवाओं में कोई परेशानी न हो।
यदि आप आज रिटर्न दाखिल करने से चूक जाते हैं, तो आपको बाद में विलंबित आईटीआर दाखिल करने के लिए जुर्माना भरना पड़ सकता है।


