पंजाब में अगले तीन दिन अभी खतरनाक हो सकते है। राज्य के तीन जिलों पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश का येलो अलर्ट जारी है। इसके अलावा कई जिलों में अधिक बारिश की संभावना है। साथ ही, मौसम विभाग ने मोहाली, रूपनगर, शहीद भगत सिंह नगर और होशियारपुर में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। पंजाब के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में 2 सितंबर तक ऑरेंज अलर्ट और हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट है। अगर जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में फिर से भारी बारिश होती है, तो पंजाब को इसका नुक्सान उठाना पड़ सकता है। राहत की बात यह रही कि गुरूवार को पंजाब में बारिश न होने से रावी नदी का जलस्तर कुछ कम हुआ है।
एक तरफ जहां बाढ़ से दशहत का माहौल बना हुआ है, दूसरी तरफ पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है जिससे जानलेवा बीमारियां भी दस्तक देने वाली है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में बीमारियां फैलने की आशंका को देखते हुए पंजाब के स्वास्थ्य एवं कल्याण विभाग द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है और लोगों को आगाह किया गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों में रह रहे परिवारों से अपील की है कि वे राहत शिविरों में तौलिए, कपड़े या बिस्तर सांझा न करें। यदि घाव, छाले या द्वितीयक संक्रमण दिखाई दें, तो तुरंत स्वास्थ्य कर्मियों या नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र को सूचित करें। केवल उबला हुआ या क्लोरीनयुक्त पानी ही पीए। कमज़ोरी के पहले लक्षण दिखाई देने पर ओआरएस लेना शुरू करें और नज़दीकी स्वास्थ्य शिविर/संस्थान पर जाएं।


