NRI SANJH JALANDHAR (21 DECEMBER)
पंजाब में पांच जिलों में आज नगर निगम, 41 नगर परिषद व नगर पंचायतों के लिए वोट डाले जा रहे है।। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। चार बजे तक मत डाले जाएंगे। शाम को ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
फगवाड़ा में कांग्रेस उम्मीदवार का बूथ पोलिंग स्टेशन के सामने से हटवाया
फगवाड़ा के वार्ड नंबर 48 से चुनाव लड़ रहे कांग्रेसी उम्मीदवार अश्वनी शर्मा का बूथ बिल्कुल पोलिंग स्टेशन के सामने होने की शिकायत भाजपा उम्मीदवार परमजीत सिंह खुराना ने पुलिस को दी। कहा गया कि पोलिंग स्टेशन के सामने बूथ लगा कर अश्वनी शर्मा वोटरों को प्रभावित कर रहे हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए डीएसपी भारत भूषण ने अश्वनी शर्मा का बूथ वहां से हटवा दिया। इस दौरान उनमें इस बात को लेकर थोड़ी सी बहस भी हुई और अश्वनी शर्मा ने भी परमजीत सिंह खुराना पर आरोप लगाए कि वह लोगों को पकड़ पकड़ कर अपने पक्ष में वोट डालने के लिए ला रहा है।
पंजाब में निकाय चुनाव के बीच फायरिंग की घटना सामने आई है। अजनाला में अज्ञात लोगों ने थार सवार युवक पर गोलियां चलाई हैं। अजनाला में उपचुनाव है।
सुबह 11 बजे तक का मतदान प्रतिशत
एसएएस नगर में सुबह 11 बजे 34.19 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं पटियाला में सुबह 11 बजे तक 16 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
तरनतारन के भिखीविंड और खेमकरण में छह वार्डों में हो रहे चुनाव
तरनतारन में पंचायत खेमकरण के आम चुनाव के लिए कुल 13 वार्डों में से वार्ड नंबर 3, 6, 8, 11 और 13 में चुनाव हो रहे हैं। 8 वार्डों में प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा नगर पंचायत भिखीविंड के वार्ड नंबर 13 के लिए भी उपचुनाव हो रहा है, जो महिलाओं के लिए आरक्षित है.
जालंधर में सुबह 11 बजे तक कुल 18.13 प्रतिशत मतदान हुआ है।
वोट काटे जाने पर उम्मीदवारों ने जांची लिस्टें
लुधियाना में वोट काटे जाने पर उम्मीदवारों ने अपने वार्ड के वोटरों की लिस्ट जांच की।
जालंधर में मतदान केंद्र से व्यक्ति को बाहर निकाला
जालंधर वार्ड नंबर 26 प्रताप बाग के मतदान केंद्र पर वोटिंग के दौरान एक व्यक्ति को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर बाहर निकाल दिया। अंदर खड़े कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि वह वोट डालने आए लोगों से कांग्रेस को वोट देने के लिए कह रहा था। विवाद के बाद पुलिस ने उक्त व्यक्ति को बाहर निकाल दिया। बताया जा रहा है कि बाहर गया व्यक्ति कांग्रेस प्रत्याशी का रिश्तेदार है। हालांकि, उसने कहा कि वह वोट डालने आया था और अपने साथी का इंतजार कर रहा था।
पटियाला के वार्ड नंबर 40 में पथराव
पटियाला के वार्ड नंबर 40 में हिंसा का समाचार है। भाजपा उम्मीदवार अनुज खोसला ने आप के वर्करों पर पत्थरबाजी का आरोप लगाया है। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स और पुलिस उनके बचाव में आए।


