NRI SANJH JALANDHAR (6 February)
हरदा में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। इससे आसपास के 50 से ज्यादा घरों में आग लग गई। कुछ लोगों की मौत की सूचना भी आ रही है। जान बचाने के लिए लोग घरों से बाहर भागते नजर आए। मध्य प्रदेश के हारदा में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट हुआ है। ब्लास्ट के बाद फैक्ट्री से सफेद धुआं निकल रहा है जिसने पूरे आसमान को भर दिया है। वहीं आग की बड़ी-बड़ी लपटें भी दूर से ही दिखाई दे रही हैं। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं।
50 घर आए आग की चपेट में, 100 घरों को खाली करवाया गया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फैक्ट्री अवैध थी और इसमें पटाखे बनाने का काम होता था। आज सुबह फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ और कई घर इसकी चपेट में आ गए। करीब 50 घर तक इसकी चपेट में आए हैं। जबकि 100 से अधिक घरों को खाली करवाया जा चुका है।
ब्लास्ट होने के बाद तुरंत लोगों ने फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। फायर ब्रिगेड की 10 से 15 गाड़ियां मौके पर आग बुझाने में जुटी हुई हैं। हालांकि अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। क्योंकि रुक रुक कर धमाके हो रहे हैं।
अभी तक इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो चुकी है। 25 से ज्यादा लोग जख्मी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि 50 से अधिक लोग फैक्ट्री के अंदर फंसे हुए हैं। जिन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है। आग कैसे लगी फिलहाल इसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।


