NRI SANJH JALANDHAR (10 JANUARY)
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होने वाली है ऐसे में वहां जाने के लिए यात्रियों की संख्या हर दिन बढ़ रही है, जिस कारण अचानक से वहां पर होटल के कमरों से लेकर फूड और किराये के दाम बढ़ चुके हैं। अयोध्या में होटल के कमरों की कीमत तो आसमान छू रही हैं।
राम मंदिर के उद्घाटन से करीब 2 सप्ताह पहले अयोध्या में होटल की बुकिंग 80 फीसदी तक बढ़ चुकी है। यहां होटल में एक दिन के कमरे की कीमत अब तक के हाई रेट पर पहुंच गई है, जिसमें पांच गुना तक इजाफा हुआ है. कुछ लग्जरी कमरों का किराया 1 लाख रुपए तक हो चुका है। खास बात यह है कि इतना ज्यादा किराये में बढ़ोतरी होने के बाद भी होटल की बुकिंग में हर दिन बढ़ोतरी हो रही है।
प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन 5 लाख लोग पहुंचने की उम्मीद
ट्रस्ट के सदस्यों की तरफ से अनुमान लगाया जा रहा है कि राम मंदिर के अभिषेक के दिन देशभर से करीब 3 से 5 लाख लोगों के अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है. अब तक अयोध्या के अधिकांश होटल पहले से ही भरे हुए हैं और जिन होटलों में इन तारीख के लिए कमरे उपलब्ध हैं, उनके किराये में काफी बढ़ोतरी हुई है.


