NRI SANJH JALANDHAR (14 April)
शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता और जालंधर की आदमपुर सीट से पूर्व विधायक पवन कुमार टीनू और गुरचरण सिंह चन्नी आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। दोनों दिग्गज अकाली नेता पार्टी में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ स्थित CM हाउस पहुंचे थे। उनकी जॉइनिंग CM भगवंत मान समेत कई वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई।

टीनू के साथ कई समर्थकों ने भी AAP की सदस्यता ली है। काफी समय से टीनू के AAP में शामिल होने की चर्चा थी। टीनू जालंधर सीट से AAP के लोकसभा उम्मीदवार हो सकते हैं, क्योंकि टीनू की जालंधर में दलित वोटों पर मजबूत पकड़ है।

कल जालंधर में रैली के दौरान दिए थे संकेत
बता दें कि शनिवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के जन्म दिवस को लेकर एक रैली निकाली जा रही थी। उस दौरान पवन टीनू भी पहुंचे थे। रैली में जब पत्रकारों ने टीनू से पूछा कि आप शिअद छोड़कर आम आदमी पार्टी जॉइन कर रहे हैं क्या? टीनू ने दबी हुई आवाज में जवाब दिया कि जल्द आप सबको पता चल जाएगा कि क्या होगा और क्या नहीं।

AAP में जाने से किया था इनकार
बीते दिन पवन टीनू ने भास्कर से बातचीत में कहा था कि वह किसी पार्टी में शामिल नहीं हो रहे हैं, यह सिर्फ अफवाह है। टीनू ने कहा था कि मेरी क्रैडिबिलिटी खराब करने की कोशिश की जा रही है।ऐसी कोई बात नहीं है। टीनू ने तब स्पष्ट किया था कि वह किसी भी पार्टी में शामिल नहीं हो रहे हैं।


