17 वर्षीय कुमकुम मोहोद ने 2026 एशियन गेम्स में भारत को 17वां गोल्ड मेडल दिलाया है. उन्होंने तीरंदाजी की महिला रिकर्व एकल स्पर्धा में स्वर्णिम प्रदर्शन किया है. कुमकुम ने फाइनल में दक्षिण कोरेया की येजिन ओह को शूट-ऑफ तक चले मैच में हराया. पांच सेट तक दोनों खिलाड़ी 5-5 से बराबरी पर थीं, लेकिन शूट-ऑफ में दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी गलती कर बैठी।
मुकाबला बहुत रोमांचक रहा क्योंकि कुमकुम पहला सेट 27-29 से हार गई थीं. एक बार पिछड़ने के बाद वापसी कर पाना आसान नहीं होता. खासतौर पर तब जब तीरंदाजी के खेल में दक्षिण कोरिया का दबदबा रहा हो. मगर कुमकुम ने धैर्य नहीं खोया और दूसरा सेट 29-29 से ड्रॉ करवाया, लेकिन कुल अंकों में भारतीय खिलाड़ी अब भी 1-3 से पिछड़ रही थी।
कुमकुम ने तीसरे सेट में तीन परफेक्ट-10 स्कोर करके 30 का स्कोर किया, जबकि येजिन ने 29 का स्कोर किया. मुकाबला 3-3 से बराबरी पर आ गया था. चौथे सेट में कुमकुम गलती कर बैठीं 27-28 से हार गईं, लेकिन मुकाबला यहां समाप्त नहीं हुआ था. अब सारा खेल 5वें सेट का था, जिसमें भारत की खिलाड़ी ने परफेक्ट 30 का स्कोर किया और सेट अपने नाम किया।


