पंजाब के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश के कारण दिन का अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। इससे पूरे राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम हो गया है।चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 22 जुलाई के लिए पंजाब और चंडीगढ़ में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के किसी भी जिले में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया। बठिंडा 35.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा।मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल पंजाब के ऊपर दो महत्वपूर्ण मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जो राज्य में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ बना रही हैं:मानसून ट्रफ उत्तरी भारत से गुजर रही है, जिसका सीधा प्रभाव पंजाब पर पड़ रहा है।
ऊपरी हवाओं में बना चक्रवाती सर्कुलेशन हरियाणा तक पहुंच चुका है, जिसके कारण पंजाब की ओर नमी वाली हवाएं लगातार आ रही हैं।इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे, रुक-रुक कर बारिश होगी और कई जगहों पर भारी बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है, लेकिन पंजाब, हरियाणा और दिल्ली जैसे मैदानी इलाकों में मानसून और अधिक सक्रिय होने की संभावना है।उन्होंने कहा कि पंजाब के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है, जिससे मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आएगी। खासकर 23 जुलाई को पंजाब और हरियाणा के पश्चिमी हिस्सों में मानसून और प्रभावशाली हो सकता है तथा बारिश की संभावना बढ़ सकती है।


