पंजाब में मानसून सक्रिय होने लगा है। पिछले 24 घंटों के दौरान चंडीगढ़, गुरदासपुर, पठानकोट, फरीदकोट, मोहाली, पटियाला और अमृतसर में बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई है और नमी वाली गर्मी से राहत मिली है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 9 जुलाई तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।कई जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं चलने की संभावना है। आज पंजाब के ज्यादातर जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है,
जिसमें 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज और बिजली गिरने की आशंका है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों को खराब मौसम के दौरान बहुत ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी है।
विभाग के अनुसार लोगों को गरज-तूफान और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। भारी बारिश के दौरान पानी भरे इलाकों में गाड़ी चलाते समय सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की भी सलाह दी गई है।अगले कुछ दिनों तक पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की गतिविधि जारी रहने की उम्मीद है।


