राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित किशनगढ़ में सुबह तड़के दो कारों के बीच हुई भयानक टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल होने की खबर प्राप्त हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा टीम के इंचार्ज रणजीत सिंह अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जालंधर के अस्पताल पहुंचाया गया।घटना की सूचना मिलने पर थाना आदमपुर के एस.एच.ओ., पुलिस चौकी अलावलपुर के इंचार्ज रविंदर सिंह और डी.एस.पी. आदमपुर देहाती रजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान रूपिंदर सिंह (फौजी) पुत्र सुरिंदर सिंह, हरप्रीत कौर पत्नी रूपिंदर सिंह, डेढ़ साल का अर्शप्रीत सिंह पुत्र रूपिंदर सिंह और संतोष कौर (रूपिंदर सिंह की माता), निवासी हिम्मतपुर, होशियारपुर के तौर पर हुई है।जानकारी के अनुसार यह परिवार हिम्मतपुर (होशियारपुर) से सच्चखंड श्री हजूर साहिब के दर्शन के लिए जा रहा था,
लेकिन किशनगढ़ के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।दूसरी कार में सवार घायलों की पहचान अलीना खान, अब्दुल शाहिद खान, प्रवीन खान, अब्दुल फैजल खान और मिनाल खान के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि यह सभी बरेली से जम्मू-कश्मीर की ओर जा रहे थे। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


