गोल्डी बराड़ की मां प्रीतपाल कौर को फिरौती मांगने के एक मामले में ज़मानत मिल गई है। यह फ़ैसला जिला एंड सेशंस जज राज कुमार ने सुनाया। बता दे प्रीतपाल कौर और उनके पति शमशेर सिंह 26 जनवरी, 2026 से जेल में थे। दोनों को पुलिस ने एक टीचर से फिरौती मांगने के मामले में गिरफ़्तार किया था।
बताया जा रहा है कि 3 दिसंबर, 2024 को पास के गांव के एक टीचर ने सदर श्री मुक्तसर साहिब पुलिस स्टेशन में शिकायत दी थी कि उन्हें एक विदेशी नंबर से 50 लाख रुपये की फिरौती के लिए तीन बार धमकी मिली है। इसके बाद पुलिस ने अनजान लोगों के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया था। बाद में शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उन्हें फिरौती की धमकी देने वाला शमशेर सिंह है, जो गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का पिता है।
इसके बाद पुलिस ने शमशेर सिंह और उसकी पत्नी प्रीतपाल कौर के ख़िलाफ़ केस दर्ज करके दोनों को गिरफ़्तार कर लिया। प्रीतपाल कौर के वकील बाबू सिंह सिद्धू ने कहा कि कोर्ट में सुनवाई के दौरान प्रीतपाल कौर के खिलाफ कोई ऐसा सबूत सामने नहीं आया, जिसके आधार पर कोर्ट ने उन्हें बेल दी। फिलहाल, इस केस में आगे की कार्रवाई चल रही है।


