भारत के संविधान दिवस के अवसर पर आज श्री आनंदपुर साहिब में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के संबंध में स्थापित की गई पंजाब विधान सभा में आज पंजाब के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा विधान सभा का मॉक सैशन आयोजित किया गया।
हालांकि यह एक मॉक सैशन था, लेकिन जिस तरह पंजाब के 117 विधायकों के प्रतिनिधियों ने आज अपनी भूमिका निभाई, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो यह पंजाब विधान सभा का वास्तविक सेशन ही हो।
धूरी के विधायक तथा पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के प्रतिनिधि स्कूल ऑफ एमिनेंस घनौरी कलां के विद्यार्थी हरिकमलदीप सिंह ने सदन की पूरी कार्यवाही के दौरान विपक्ष के हमलों को तथ्यों के आधार पर बेअसर कर दिया।
विधान सभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा के प्रतिनिधि सरकारी आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल कोटधंदाल के विद्यार्थी हरप्रीत सिंह ने पंजाब से संबंधित कई मुद्दे उठाए और मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के साथ कई बार उनकी तीखी नोंक-झोंक हुई।
विधान सभा क्षेत्र कोटकपूरा से विधायक तथा पंजाब विधान सभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के प्रतिनिधि एच.एस.एन. स्कूल ऑफ एमिनेंस जैतो के विद्यार्थी जगमंदर सिंह ने सदन की कार्यवाही को बेहतरीन ढंग से चलाया तथा सत्ताधारी पक्ष और विपक्ष के झगड़ों को अत्यंत गंभीरता से सुलझाया।
सैशन के दौरान उन्होंने कार्यवाही दो बार स्थगित भी की। श्री आनंदपुर साहिब से विधायक तथा पंजाब शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के प्रतिनिधि स्कूल ऑफ एमिनेंस कीरतपुर साहिब के विद्यार्थी दलजीत सिंह ने पंजाब सरकार की शिक्षा क्रांति के बारे में सदन को विस्तार से अवगत कराया।
सैशन के दौरान पट्टी से विधायक तथा कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के प्रतिनिधि विद्यार्थी पी.एम.श्री सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल हरीके पट्टन के गुरसेवक सिंह द्वारा निभाई गई भूमिका की दर्शकों ने खूब सराहना की। गुरसेवक सिंह ने पूरी कार्यवाही के दौरान विपक्ष द्वारा सरकार पर उठाए गए सवालों का जोर-शोर से जवाब दिया। गुरसेवक सिंह की शैली ऐसी थी मानो वे कोई वरिष्ठ विधायक हों।





