केंद्र सरकार ने इस साल नवंबर में गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर ननकाना साहिब (पाकिस्तान) की प्रस्तावित तीर्थयात्रा को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए गृह मंत्रालय ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) को पत्र लिखा है और साफ तौर पर कहा है कि मौजूदा हालात में तीर्थयात्रा संभव नहीं है।
इसके बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि अब जब भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच खेल लिया गया है तो श्रद्धालुओं का क्या कसूर है ? गृह मंत्रालय ने अपने पत्र में कहा है कि भारत-पाकिस्तान सीमा पर हालात तनावपूर्ण बने हुए है। ऐसे में गुरु नानक देव जी की जयंती के मौके पर श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा के दौरान सुरक्षा खतरा बढ़ सकता है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इस समय श्रद्धालुओं को पड़ोसी देश भेजना उचित नहीं होगा।
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने अपने ट्वीट में कहा, “मैं गृह मंत्री अमित शाह जी से राज्य सरकारों को जारी उस आदेश की समीक्षा करने का अनुरोध करता हूँ, जिसमें इस साल नवंबर में श्री ननकाना साहिब की तीर्थयात्रा के लिए समूहों से आवेदन स्वीकार न करने को कहा गया है।” उन्होंने आगे कहा कि जब भारत और पाकिस्तान के बीच खेल संबंध फिर से शुरू हो रहे हैं, तो गुरुपर्व के पवित्र अवसर पर सिख तीर्थयात्रियों को पाकिस्तान जाने से रोकना उनकी धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाने जैसा है।


