कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज पंजाब में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे है।इस दौरान वह डेरा बाबा नानक पहुंचे। यहां उन्होंने गांव गुरचक्क में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब राहुल गांधी देसी अंदाज में मंजों (चारपाई) पर बैठकर गांव वालों के साथ बातचीत करते नजर आए।
लोगों ने बताया कि हर साल आने वाली बाढ़ उनकी जिंदगी भर की कमाई को तबाह कर देती है।गांव वालों की समस्याएं सुनने के बाद राहुल गांधी ने उन्हें पूरा भरोसा दिलाया। उन्होंने मौके पर ही अपनी टीम की ड्यूटी लगाई और कहा, “आपकी सभी मुश्किलों की एक लिस्ट (List) बनाओ, जिसे मैं लोकसभा में उठाऊंगा।”
राहुल गांधी ने वादा किया, “अगर इस सरकार से लड़कर आपकी मांगें पूरी हो गईं तो ठीक है, नहीं तो हमारी सरकार आने पर दरिया किनारे बसे लोगों की मुश्किलों को पहली प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
इसके साथ ही पंजाब के अन्य जिलों से भी किसान राहुल गांधी से मिलने यहां पहुंचे, जिनमें जीरा क्षेत्र और सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र के प्रभावित गांवों के किसान शामिल थे, जिन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की और अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं साझा कीं।
करीब 40 मिनट तक चली किसानों के साथ बैठक के दौरान लोकसभा सदस्य सुखजिंदर सिंह रंधावा, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, लोकसभा सदस्य और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और अन्य कांग्रेस नेता भी राहुल गांधी के साथ मौजूद थे।


