पंजाब में मानसून की रफ्तार धीमी हो गई है। बारिश न होने के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई है, जिससे लोगों के लिए दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग ने आज राज्य के आठ जिलों में गर्म और नम मौसम के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 16 जिलों में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसून लाइन फिलहाल उत्तरी भारत से बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जिससे पंजाब में नमी बनी रहेगी। हालांकि, मानसून को सक्रिय करने वाले जरूरी ट्रिगर मैकेनिज्म (जैसे मानसून ट्रफ का दक्षिण की ओर शिफ्ट होना या चक्रवाती सर्कुलेशन) अभी गैर-हाजिर हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 19 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से पंजाब में बारिश की गतिविधि तेज होने की उम्मीद है।


