NRI SANJH JALANDHAR (31 DECEMBER)
नए साल की शुरुआत के साथ ही देशभर में मौसम ने करवट ली है। ऐसे में हम आपको बता रहे हैं कैसा है आज का मौसम(Aaj ka Mausam)। साथ ही यह भी बताएंगे कि कल का मौसम (Kal Ka Mausam) कैसा रहेगा। तो चलिए पहले पहाड़ी राज्यों से शुरू करते हैं। इस समय देश के 3 राज्यों- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी हो रही है। इन तीनों राज्यों में सड़के-हाईवे बंद हैं। हजारों टूरिस्ट फंसे हुए हैं। मैदानी इलाकों की बात करें तो 5 राज्यों, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, देश के 10 राज्यों, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड और त्रिपुरा में घने कोहरे का अलर्ट है।
हिमाचल: ताजा बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड, कई सड़कें अब भी बंद
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है। कल्पा, कुफरी, और मुरंग जैसे स्थानों में 10 सेमी से ज्यादा बर्फ गिर चुकी है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक कम हो गया है। बर्फबारी के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है और यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बर्फबारी और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश के कल्पा में 14.9 सेमी, कुफरी में 14.5 सेमी, पूह में 12 सेमी, मुरंग में 12 सेमी, खदराला में 10 सेमी, सांगला में 8.5 सेमी, केलंग में 8 सेमी और कुकमसेरी में 1.6 सेमी ताजा बर्फबारी हुई है। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकॉर्ड किया गया है। हिमाचल में भी कई सड़कें और हाईवे बर्फबारी की वजह से बंद हैं। स्नोकटर मशीनों की मदद से सड़क से बर्फ हटाकर रास्ता बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
उत्तराखंड: मसूरी और नैनीताल में तापमान शून्य से नीचे
उत्तराखंड में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। मसूरी और नैनीताल जैसे पर्यटक स्थलों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में और बर्फबारी होने का अनुमान लगाया है। मैदानी इलाकों में शीतलहर का असर देखा जा रहा है। IMD ने स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। उत्तराखंड में ठंड का असर पहाड़ी राज्यों में ज्यादा दिख रहा है। भारी बर्फबारी की वजह से कई ग्रामीण इलाकों का शहरी इलाकों के बीच आवाजाही में लोगों को परेशानी हो रही है।
जम्मू-कश्मीर: बर्फबारी और शीतलहर, सैकड़ों पर्यटक फंसे
जम्मू-कश्मीर में बीते 24 घंटों के दौरान भारी बर्फबारी और शीतलहर ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कश्मीर घाटी में गुलमर्ग और पहलगाम जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर तेज हो गया है। गुलमर्ग में बीते दिन तापमान -8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम में -6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मैदानी इलाकों में भी पारा सामान्य से नीचे है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 48 घंटों में राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में और बर्फबारी हो सकती है। घाटी के निचले इलाकों में हल्की बारिश के भी आसार हैं। शीतलहर का असर अगले सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है। बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे बंद कर दिया गया है। सड़कों पर बर्फ जमने से यातायात बाधित है, जिससे वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। कई उड़ानें रद्द की गई हैं।गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम जैसे पर्यटक स्थलों पर पहुंचे सैकड़ों पर्यटक फंसे हुए हैं। कई जगहों पर फंसे पर्यटकों को सुरक्षित जगहों तक पहुंचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।
बर्फबारी से तीन पहाड़ी राज्यों में बड़ी संख्या में पर्यटक फंसे
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक फंसे हुए हैं। हिमाचल के शिमला, कुफरी और मनाली में सड़कों पर भारी बर्फ जमा होने से वाहन आवाजाही बंद है। उत्तराखंड के औली और मसूरी में भी कई पर्यटक रास्ते बंद होने की वजह से अपने होटलों में ठहरे हुए हैं। ठंड और कम तापमान से पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। IMD ने स्थानीय प्रशासन को सतर्कता बरतने और आवश्यक सेवाओं को तेजी से बहाल करने की सलाह दी है।उत्तराखंड में बद्रीनाथ और यमुनोत्री हाईवे बर्फ की मोटी परत के कारण अवरुद्ध हैं, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप है। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की वजह से आपूर्ति श्रृंखला बाधित हो गई है, और स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी हो रही है। प्रशासन सड़कें साफ करने और आपातकालीन सेवाओं को बहाल करने में जुटा है, लेकिन स्थिति सामान्य होने में समय लग सकता है। जम्मू कश्मीर में भी बर्फबारी की वजह से कई हाईवे बंद हैं। बर्फबारी ने इन तीनों राज्यों की कई सुरंगों में भी आवाजाही रोक दी है।
उत्तर प्रदेश: 61 जिलों में घना कोहरा, विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर
उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। सुबह से 61 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई है। ठंड के चलते गाजियाबाद में 8वीं तक के स्कूल 31 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। कोहरे के चलते रविवार को कानपुर में 23 ट्रेनें 6 घंटे तक लेट आईं। 61 जिलों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई है। बुलंदशहर में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है।उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी में ठंड ने अपना असर तेज कर दिया है। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। कानपुर में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी 50 मीटर तक सीमित हो गई। गोरखपुर और वाराणसी में भी ठंड और कोहरे ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, और दिन में हल्की धूप निकलने के बावजूद शीतलहर जारी रही। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 48 घंटों में इन क्षेत्रों में घने कोहरे और शीतलहर का सिलसिला जारी रहेगा। ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट की संभावना है। लोगों को कोहरे में सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय करने की सलाह दी गई है।


