NRI SANJH JALANDHAR (22 NOVEMBER)
जालंधर में पुलिस और आतंकी लखबीर सिंह लांडा उर्फ लांडा हरीके के गुर्गों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई है। इस दौरान 50 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई। जिसमें 2 कॉन्स्टेबल घायल हो गए हैं। आतंकी लांडा के भी दोनों साथियों को गोली लगी है।

गांव कंगनीवाल में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने लांडा हरीके के दोनों गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे 7 अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। इन गैंगस्टरों में एक नाबालिग लड़का भी शामिल है। DGP गौरव यादव ने सोशल मीडिया X पर इस बारे में जानकारी दी है।

पुलिस ने पीछा किया तो फायरिंग की, 2 पुलिसकर्मी जख्मी हुए, फिर क्रॉस फायरिंग पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की क्राइम ब्रांच के स्टाफ को लांडा के गुर्गों के बारे में इनपुट मिला था। इसके बाद उन्होंने उनका पता करना शुरू कर दिया। जब उन्हें लोकेशन मिली तो पुलिस टीम ने उनको घेरना शुरू कर दिया।
दोनों आरोपियों ने पुलिस को देखा तो फायरिंग कर दी। जिसमें 2 पुलिस कर्मचारी जख्मी हो गए। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से हुई जबरदस्त क्रॉस फायरिंग में एक गैंगस्टर को गोली लग गई। जिसके बाद पुलिस ने घायल और उसके दूसरे साथी गैंगस्टर को पकड़ लिया। घायल पुलिसकर्मियों और गैंगस्टर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लांडा के लिए फिरौती-हथियार सप्लाई करते थे दोनों गैंगस्टर पुलिस अधिकारियों के मुताबिक क्राइम ब्रांच के इंचार्ज रविंदर कुमार की टीम ने ये एनकाउंटर किया है। एनकाउंटर में जख्मी हुए गैंगस्टर का साथी सिर्फ 17 साल का है। पुलिस द्वारा खुद उठाकर जख्मी गैंगस्टर को इलाज के लिए लाया गया।
क्राइम ब्रांच की टीम के मुताबिक इनपुट के बाद उन्होंने खेतों में घुसकर चारों और से दोनों आरोपियों को घेरा हुआ था। गोलियां चलाने से पहले पुलिस ने तुरंत एरिया खाली करा दिया था। इसके अलावा गांव वालों को घर के भीतर ही रहने को कहा था। पुलिस के मुताबिक यह दोनों गैंगस्टर लांडा के लिए फिरौती और हथियार सप्लाई का काम कर रहे थे।

पुलिस कमिश्नर बोले- आतंकी के संपर्क में थे, ठिकाना बदल रहे थे पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने कहा कि एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किए गए आरोपी लगातार आतंकी लांडा के संपर्क में थे। दोनों के खिलाफ पहले भी हत्या, फिरौती और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी जमानत पर बाहर आकर दोबारा लांडा के संपर्क में आ गए थे। दोनों आरोपी लगातार अपने रहने का ठिकाना बदल रहे थे। आरोपी कंगनीवाल में किसी तीसरे साथी का इंतजार कर रहे थे।
पुलिस कमिश्नर ने आगे कहा- हमें गुप्त सूचना मिली कि उक्त आरोपियों द्वारा उनके एरिया में मूवमेंट की गई है। जिसके आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपियों को घेरा डाला गया तो आरोपी खेतों में घुस गए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपियों की फायरिंग में जब जवाबी कार्रवाई की गई तो दोनों बदमाशों को गोली लग गई। एक बदमाश के हाथ में गोली लगी है और दूसरे के कोहनी पर गोली लगी है। आरोपी किसी का वेट कर रहे थे तो पुलिस को देख कर खेतों में भागने लगे।


