जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगियों ने झारखंड स्थित जेल में बंद गैंगस्टर अमन साहू के साथ गठजोड़ किया है। बिश्नोई और साहू के खिलाफ कई मामलों की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इसका खुलासा किया है। बिश्नोई पिछले साल कई बार एनआईए की हिरासत में गया था। एजेंसी के अधिकारियों ने खालिस्तानी संगठनों के लिए फंडिंग से संबंधित मामले में उससे पूछताछ की थी।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी बिश्नोई फिलहाल गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। पूछताछ के दौरान बिश्नोई ने एनआईए को बताया कि उसके उत्तर प्रदेश (धनजय सिंह), हरियाणा (काला जठेरी), राजस्थान (रोहित गोदारा) और दिल्ली (रोहित मोई और हाशिम बाबा) के जेल में बंद गैंगस्टरों के साथ संबंध हैं।


