अगरतला से कोलकाता जा रही एक भारतीय हवाई एंबुलेंस को बांग्लादेश में आपातकालीन लैंडिंग करवाने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि उसका दरवाजा हवा में आंशिक रूप से खुल गया था। हालांकि स्थानीय मीडिया ने रिपोर्ट दी कि इसमें सवार भारतीय महिला की मौत हो गई।
सरकारी न्यूज एजेंसी बीएसएस के अनुसार, बीचक्राफ्ट किंग एयर सी90ए जहाज, रजिस्टर्ड वीटी-एचवाईए, रविवार को अगरतला से कोलकाता जा रहा था। लगभग 12,000 फीट की ऊंचाई पर जहाज में तकनीकी समस्या आई, जिसकी वजह से दरवाजा हवा में आंशिक रूप से खुल गया।रिपोर्ट के अनुसार, जहाज स्थानीय समय के हिसाब से दोपहर 1:40 बजे हजरत शाहजालाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा।
सात लोग सवार थे, जिनमें दो पायलट, एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक और दो अन्य यात्री शामिल थे। ढाका ट्रिब्यून अखबार के अनुसार, मरीज की पहचान 56 वर्षीय अंजना भौमिक के रूप में की गई है। उन्हें कुरमितोला मल्टीकेयर स्पेशलाइज्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि जहाज में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। यह भी पता नहीं है कि उसकी मौत तकनीकी खराबी से हुई थी या किसी अन्य चिकित्सा जटिलता से।द डेली स्टार के अनुसार, हजरत शाहजालाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्यकारी निदेशक के प्रवक्ता मोहम्मद रियाजुद्दीन ने कहा कि उड़ान के दौरान जहाज में मैकेनिकल खराबी आई, जिसकी वजह से दरवाजा खुल गया।
हवाई अड्डा पुलिस स्टेशन के इंचार्ज कमरुल हसन तालुकदार ने कहा कि भौमिक की मौत रविवार को स्थानीय समय के हिसाब से शाम 4:40 बजे अस्पताल में हुई। बीएसएस के अनुसार, बांग्लादेशी अधिकारियों ने जरूरी अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग क्लीयरेंस न होने के बावजूद मानवीय आधार पर एयर एंबुलेंस की सहायता की।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ढाका में भारतीय हाई कमीशन ने जरूरी कूटनीतिक औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ तालमेल किया। द डेली स्टार के अनुसार, भारत की एसकेबी इंफ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित जहाज ढाका हवाई अड्डे पर फंसा हुआ है क्योंकि क्लीयरेंस संबंधी मुद्दों को हल करने के प्रयास चल रहे हैं।


