एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने पहला गोल्ड मेडल जीत लिया है. महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में मोना अगरवाल ने जबरदस्त वापसी करते हुए गोल्ड मेडल जीता. मोना ने फाइनल में 250 का स्कोर करके गोल्ड मेडल जीता. इस इवेंट में भारत को दोहरी खुशी मिली है, क्योंकि सिल्वर मेडल भी भारत की अवनी लेखरा ने जीत लिया है. अवनी का स्कोर 249.6 रहा.
इससे पहले मोना अगरवाल क्वालीफिकेशन राउंड के भी टॉप पर रही थीं. उन्होंने क्वालीफिकेशन में 629.1 का स्कोर करके एशियन पैरा गेम्स रिकॉर्ड बना डाला था. वहीं क्वालीफिकेशन में अवनी लेखरा दूसरे स्थान पर रही थीं. भारतीय शूटरों ने क्वालीफिकेशन वाला प्रदर्शन फाइनल में भी दोहराया और गोल्ड के साथ-साथ सिल्वर मेडल भी अपने नाम किया।
मोना अगरवाल के लिए यह गोल्ड मेडल ऐतिहासिक है, क्योंकि स्टेज 2 सीरीज 2 के बाद वह पांचवें स्थान पर चल रही थीं. वहीं अवनी लेखरा शुरू से ही बढ़िया लय में चल रही थीं. मगर आखिरी कुछ शॉट्स में मोना अगरवाल ने अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए 250 का स्कोर करके गोल्ड मेडल जीत लिया. मोना और अवनी, दोनों ने 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक्स के लिए क्वालीफाई कर लिया है.


