दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुबई से आए एक भारतीय यात्री से 3.2 किलोग्राम वजन की सोने की छड़ें जब्त की गईं। बरामद हुई सोने की छड़ों की कीमत लगभग ₹4.03 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह जानकारी सोमवार को जारी एक बयान में दी गई।एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 19 अक्टूबर को यहां पहुंचे यात्री को कस्टम अधिकारियों ने मौके पर की गई प्रोफाइलिंग के आधार पर रोक लिया। बयान में कहा गया है कि यात्री के सामान की विस्तृत तलाशी के दौरान ‘फ्लोर स्प्रिंग’ के अंदर छिपी हुई सोने की छड़ें बरामद की गईं।’फ्लोर स्प्रिंग’ एक मैकेनिकल यंत्र है, जो फर्श के नीचे, आमतौर पर दरवाजे के पास लगाया जाता है।
यह दरवाजे के ऑटोमैटिक खुलने और बंद होने की प्रक्रिया को नियंत्रित करता है। बयान के अनुसार, इस मामले में कथित तौर पर इस यंत्र का उपयोग सोने की छड़ों को छिपाने और जांच के दौरान पता लगाने से बचने के लिए किया गया था। बयान में कहा गया है कि कस्टम एक्ट, 1962 के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।


