पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब में ‘पग्गड़ी संभाल यात्रा’ निकालने का ऐलान किया है। चन्नी के मुताबिक इस यात्रा का मकसद पंजाब के नौजवानों को नशे और गैंगस्टरवाद से दूर रखने के लिए जागरूक करना और प्रदेश में सामाजिक जागरूकता का संदेश पहुंचाना है। चन्नी ने कहा कि वे पंजाब में करीब 2000 नौजवानों को साथ लेकर इस मुहिम को आगे बढ़ाएंगे।
यात्रा के दौरान नौजवानों और आम लोगों से संपर्क करके नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा की जाएगी। इसके साथ ही पंजाब में बढ़ रहे गैंगस्टरवाद को लेकर भी लोगों तक संदेश पहुंचाने की योजना है। इस मुहिम के तहत 2000 से ज्यादा साइकिल सवारों को शामिल किया जाएगा,
जो पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर नशे के खिलाफ जागरूकता मुहिम चलाएंगे। चन्नी ने पार्टी नेताओं के साथ विचार-विमर्श के दौरान दिवाली के बाद साइकिल रैलियां निकालने का सुझाव दिया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत रैलियां श्री चमकौर साहिब से तलवंडी साबो और श्री अमृतसर साहिब तक आयोजित की जाएंगी। चन्नी के मुताबिक यात्रा को करीब 3 से 4 दिनों में पूरा करने की योजना है।


