श्री हेमकुंट साहिब की तीर्थ यात्रा के लिए भारत आने की तैयारी कर रहे पाकिस्तानी सिख तीर्थयात्रियों को बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान ने शुक्रवार को फैसलाबाद एयरपोर्ट पर एक ग्रुप को भारत जाने से रोक दिया। इमिग्रेशन अधिकारियों ने यात्रा शुरू करने से पहले नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मांगा। तीर्थयात्रियों ने दावा किया कि उनसे पहले कभी ऐसा सर्टिफिकेट नहीं मांगा गया था।
ग्रुप के लीडर पपिंदर सिंह के मुताबिक, तीर्थयात्रियों को शुक्रवार सुबह करीब 2:10 बजे फैसलाबाद से शारजाह और फिर शारजाह से दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी। लेकिन उन्हें फ्लाइट में चढ़ने से पहले ही एयरपोर्ट पर रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि उनकी फैसलाबाद-शारजाह फ्लाइट पहले ही निकल चुकी थी और शारजाह से दिल्ली की आगे की फ्लाइट भी कैंसिल कर दी जाएगी।
भारत ने श्री हेमकुंट साहिब के दर्शन के लिए सिख तीर्थयात्रियों को 92 वीजा जारी किए थे। तीर्थयात्रियों का यह ग्रुप दिल्ली, अमृतसर, श्री आनंदपुर साहिब और श्री हेमकुंट साहिब की तीर्थ यात्रा पर निकला था। इसके बावजूद पाकिस्तान ने अचानक NOC का हवाला देकर उन्हें एयरपोर्ट पर रोक दिया। सभी तीर्थयात्री अब पाकिस्तान से यात्रा की अनुमति का इंतज़ार कर रहे हैं।


