ईरान ने अमेरिका के आर्थिक दबाव के बीच कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि अगर उसके खिलाफ आर्थिक युद्ध जारी रहा तो वह तेल का निर्यात पूरी तरह रोक सकता है. ईरान के वरिष्ठ अधिकारी मोहसेन रेजाई ने कहा कि ऐसी स्थिति में एक बूंद तेल भी निर्यात नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तेल का निर्यात न तो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होगा और न ही फारस की खाड़ी के किसी अन्य रास्ते सेरेजाई ने यह भी कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिका के आर्थिक युद्ध में किसी भी देश की भागीदारी या समर्थन को ईरान युद्ध की कार्रवाई के तौर पर देखेगा।समाचार एजेंसी आईआरआईबी (IRIB) को दिए इंटरव्यू में मोहसेन रेजाई ने कहा कि अमेरिका ने सैन्य विकल्पों से उम्मीद लगभग छोड़ दी है
अब वह ईरान पर आर्थिक दबाव बनाने पर निर्भर है. उन्होंने दावा किया कि सैन्य हमलों से अमेरिका पूरी तरह निराश हो चुका है.रेजाई के मुताबिक, अमेरिका को लगता है कि आर्थिक नाकेबंदी के जरिए सैन्य कार्रवाई को मदद दी जा सकती है. इसी वजह से ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाया जा रहा है।मोहसेन रेजाई ने कहा कि ईरान पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को खत्म करना चाहता है।
उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध चाहने वालों के खिलाफ खड़ा है और क्षेत्र में शांति चाहता है. उन्होंने कहा कि ईरान पश्चिम एशिया में युद्ध खत्म करना चाहता है और दुनिया में युद्ध भड़काने वालों के खिलाफ खड़ा है।इसी बीच ईरान के पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी ने भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को लेकर चेतावनी जारी की है।
अथॉरिटी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ईरान के नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ जहाजों को भविष्य में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने पर प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है.इन प्रतिबंधों में जुर्माना, जहाज की जब्ती या सामान की जब्ती जैसी कार्रवाई शामिल हो सकती है।अथॉरिटी ने चेतावनी दी कि प्रतिबंधित या नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों की मदद या उनका साथ देने वाले जहाजों को भी उल्लंघन करने वालों की सूची में शामिल किया जा सकता है।
अथॉरिटी ने कहा कि जो कार्गो मालिक अपना नाम इस सूची से हटवाना चाहते हैं, उन्हें जरूरी दस्तावेजों के साथ इसके लिए अनुरोध जमा करना होगा।पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी ने शिपिंग कंपनियों और कार्गो मालिकों से अपील की है कि वे किसी भी परेशानी से बचने के लिए उसके पोर्टल पर मौजूद ‘नियमों का पालन नहीं करने वाले जहाजों की सूची’ (Noncompliant Vessels List) की जांच करें.अथॉरिटी ने कहा कि शिपिंग कंपनियों और कार्गो मालिकों को सूची में शामिल प्रतिबंधित जहाजों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, ताकि आगे किसी तरह की कार्रवाई या परेशानी से बचा जा सके।


