पंजाब और चंडीगढ़ के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने पंजाब के 23 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। खासकर पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली के कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, सूबे के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।इसी दौरान चंडीगढ़ प्रशासन ने बारिशी मौसम को ध्यान में रखते हुए लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
साथ ही “आई एम चंडीगढ़” (I am Chandigarh) ऐप के जरिए बारिश से होने वाली समस्याओं और नुकसान की जानकारी साझा करने की अपील भी की गई है।चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार पंजाब और चंडीगढ़ के ऊपर मानसून ट्रफ सक्रिय है, जबकि जम्मू क्षेत्र की ओर एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) भी मौजूद है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से अगले 2 से 3 दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस दौरान रुक-रुक कर बादल छाए रहेंगे और सूबे के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तरी पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में कुछ जगहों पर भारी बारिश पड़ने की संभावना है।
चंडीगढ़ में भी रुक-रुक कर बारिश हो सकती है, हालांकि बारिश के दौरान नमी और उमस के कारण गर्मी महसूस हो सकती है।लगातार हो रही बारिश के कारण सूबे के दोनों बड़े बांधों में पानी का स्तर बढ़ रहा है। हालांकि अधिकारियों ने साफ किया है कि इस समय किसी तरह का तत्काल खतरा नहीं है।


