पंजाब कांग्रेस इंचार्ज भूपेश बघेल की आज चरणजीत सिंह चन्नी के धड़े के साथ बैठक होने जा रही है।यह मुलाकात कुछ ही देर में कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह के घर पर होने जा रही है। इसलिए राणा गुरजीत सिंह के घर कांग्रेस नेताओं का आना शुरू हो चुका है।बैठक से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में कोई धड़ेबंदी नहीं है।
उन्होंने कहा कि वैचारिक मतभेद होना कोई गलत बात नहीं है। कांग्रेस पार्टी हर किसी को अपनी बात रखने का मौका देती है, जबकि बाकी पार्टियों में तानाशाही है।उन्होंने कहा कि अगर पार्टी में किसी को कोई दिक्कत है तो हम सब मिलकर उसका हल निकालेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज की बैठक में कोई हल जरूर निकलेगा।
इस बैठक में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग को निमंत्रण न दिए जाने की ‘शर्त’ के बारे में पूछे जाने पर परगट सिंह ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी शर्त के बारे में पता नहीं है। उन्होंने कहा कि हर कोई हर जगह नहीं जा सकता।उन्होंने कहा कि पार्टियों में छोटी-मोटी समस्याओं का हल जरूर निकल आता है, लेकिन इस वक्त पंजाब के मुद्दे इससे कहीं ज्यादा अहम हैं।


