डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी, शहीद भगत सिंह नगर, गुलप्रीत सिंह औलख ने शुक्रवार को जिले के सभी योग्य मतदाताओं से 11 और 12 जुलाई को जिले के प्रत्येक पोलिंग बूथ पर लगाए जा रहे दो दिवसीय विशेष इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.)-2026 कैंप में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।विवरण साझा करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि यह विशेष कैंप एस.आई.आर.-2026 के तहत चल रहे घर-घर गणना अभियान का हिस्सा हैं, जो 25 जून से शुरू हो चुका है और 24 जुलाई तक जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि सभी बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) दोनों दिनों सुबह 8:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक अपने-अपने पोलिंग स्टेशनों पर मौजूद रहेंगे ताकि मतदाताओं को फॉर्म भरने और जमा करवाने में सहायता प्रदान की जा सके।श्री औलख ने कहा कि यह कैंप गणना फॉर्मों को इकट्ठा करने और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया को तेज करने तथा यह सुनिश्चित करने के लिए लगाए जा रहे हैं कि कोई भी योग्य मतदाता वोटर सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।
उन्होंने अपील की कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने फॉर्म नहीं भरे हैं, वे अपने बी.एल.ओ. से संपर्क करें या इस विशेष मुहिम के दौरान नजदीकी पोलिंग बूथ पर पहुंचें।डिप्टी कमिश्नर ने आगे बताया कि कम कवरेज वाले क्षेत्रों में फॉर्म इकट्ठा करने और डिजिटाइजेशन पर विशेष जोर दिया जाएगा, जबकि जिन बी.एल.ओ. ने पहले ही महत्वपूर्ण प्रगति हासिल कर ली है, वे बाकी बची डिजिटाइजेशन को पूरा करने और किसी भी प्रकार की कमियों-खामियों को दूर करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न जागरूकता मुहिमों के माध्यम से लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्कूलों, राजस्व विभाग, शहरी स्थानीय निकायों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के स्टाफ को भी कैंप के दौरान बी.एल.ओ. की सहायता के लिए तैनात किया गया है।उन्होंने दोहराया कि जिले में सही और समावेशी वोटर सूचियों को तैयार करने के लिए लोगों की सक्रिय भागीदारी बहुत जरूरी है।


