लुधियाना में अंतरराष्ट्रीय खालिस्तान विरोधी आतंकवादी फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष को गैंगस्टर ने उनके घर समेत बम से उड़ाने की धमकी दी है। यह धमकी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए दी है।पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। थाना सदर में दिए गए बयान में सराभा नगर एक्सटेंशन पखोवाल रोड निवासी गुरसिमरन सिंह मंड ने बताया कि वे देश की एकता और अखंडता के लिए काम कर रहे है।
उन्होंने बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर 95016-15555 पर व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्ल के रूप में पहचान बताया।उसने उनके घर के अंदर बम फेंककर उन्हें और पूरे परिवार को मारने की धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज करके पूरे मामले की जांच तकनीकी सेल को सौंप दी है।शिकायतकर्ता के अनुसार, धमकी भरे संदेशों के कारण उनमें और उनके परिवार में डर का माहौल पैदा हो गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 296, 351(2), 351(3)और 61(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए विदेशी नंबर और व्हाट्सएप रिकॉर्ड की तकनीकी जांच की जा रही है।
जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।थाना सदर के थानेदार हरचरण सिंह ने बताया कि धमकी के बाद मंड और उनके परिवार की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है।


