नाभा जेल में बंद अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से मुलाकातों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज डेरा राधा स्वामी सत्संग ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों विशेष रूप से नाभा जेल पहुंचे। डेरा ब्यास मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों दूसरी बार बिक्रम मजीठिया से मिलने के लिए नाभा जेल पहुंचे हैं। जब डेरा मुखी जेल के गेट पर पहुंचे तो वहां मौजूद जेल अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
दरअसल, बिक्रम सिंह मजीठिया इस वक्त आय से अधिक संपत्ति बनाने के मामले में जेल के अंदर न्यायिक हिरासत काट रहे हैं। बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से पहले अभी तीन दिन पहले ही शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भी नाभा जेल पहुंचकर मजीठिया से मुलाकात की थी। यह मुलाकात राजनीतिक और धार्मिक हलकों में काफी चर्चा का विषय बनी हुई है।


