पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अकाल तख्त में तलब किया गया है। सीएम मान ने एक्स पर लिखा है कि 15 जनवरी को वे अपना स्पष्टीकरण देने जरूर जाएंगे।उन्होंने पोस्ट में लिखा- ”पूरी दुनिया से मुझे संदेश आ रहे हैं कि 15 जनवरी को जब संगत की ओर से गोलक का हिसाब-किताब लेकर जाएंगे।सभी चैनलों पर लाइव टेलीकास्ट होना चाहिए।
मैं भी दुनिया भर की संगत की भावना को समझते हुए जत्थेदार साहिब से बिनती करता हूं कि मेरे स्पष्टीकरण का सीधा प्रसारण किया जाए ताकि संगतें पल-पल और पैसे-पैसे के हिसाब से जुड़ी रहें.. मिलते हैं जी 15 जनवरी को.. सबूतों सहित।”सोमवार को अकाल तख्त के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को सिख रहित मर्यादा पर कथित आपत्तिजनक बयान देने के लिए 15 जनवरी को अकाल तख्त सचिवालय में पेश होने के लिए तलब किया।
जिसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट डालकर कहा था, ”श्री अकाल तख्त साहिब जी से आया हुक्म सिर माथे.. दास मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, निमाने सिख के रूप में नंगे पैर चलकर हाजिर होगा.. दास 15 जनवरी को देश के माननीय राष्ट्रपति जी जो कि गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर साहिब में कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने आ रहे है उस दिन के लिए माफी भी मांगता हूँ।
क्योंकि मेरे लिए सबसे ऊपर श्री अकाल तख्त साहिब जी और उस पावन तख्त साहिब से आया हुक्म सिर माथे है.. था.. और हमेशा रहेगा।”यह मामला सिख संस्थाओं और परंपराओं से जुड़े कथित आपत्तिजनक बयानों पर आधारित है, जिसमें गोलक (दान पेटी) के हिसाब-किताब का मुद्दा भी शामिल है। भगवंत मान ने अपनी पोस्ट में स्पष्ट किया है कि वे सबूतों के साथ पेश होंगे और संगत की मांग पर लाइव प्रसारण की अपील की है।



