मोगा के धर्मकोट विधानसभा क्षेत्र के भिंडर कलां गांव में शनिवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान उमरसिर सिंह के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार, उमरसिर सिंह अपनी कार से ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था। वह मोगा स्थित नेस्ले इंडिया लिमिटेड में काम करता था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही वह घर से थोड़ी दूर पहुंचा, गांव में ही अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दी। हमलावरों ने करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलाई, जिससे उमरसिर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार वालों का आरोप है कि ब्लॉक समिति चुनाव की रंजिश के कारण उमरसिर सिंह की हत्या की गई है।
घटना के बाद गांव और आस-पास के इलाकों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार ने इस व्यक्ति पर शक जताया है। मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि उसके भाई पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया है। उनका दावा है कि गांव के मौजूदा सरपंच को इस घटना की जानकारी थी और राजनीतिक दुश्मनी के कारण उनके भाई की हत्या की गई। परिवार के लोग बहुत बुरे हाल में हैं।


