पंजाब में आज नए साल के पहले दिन लोगों को घने कोहरे, हल्की बारिश और शीत लहर का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने इस संबंध में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। 5.2 डिग्री तापमान के साथ गुरदासपुर सबसे ठंडा रहा।
बता दें कि सुबह से ही पंजाब के कई जिलों में बारिश हो रही है। पटियाला जिले में तड़के 6.20 से ही बारिश हो रही है और साथ ही ठंडी हवाएं भी चल रही हैं।इसी तरह अमृतसर और चंडीगढ़ में जीरो विजिबिलिटी रही, लुधियाना में 10 मीटर, पटियाला में 20 मीटर, जबकि हलवारा, गुरदासपुर, पठानकोट, बठिंडा और बलोवाल सौंखड़ी में 50 मीटर से कम दृश्यता दर्ज की गई।
इस कारण हवाई और रेल यातायात पर असर पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय उत्तरी पाकिस्तान और अफगानिस्तान के ऊपर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बना हुआ है, जो ऊपरी वातावरण में सक्रिय है। आसमान के मध्य स्तर में लंबी हवा की एक पट्टी बनी हुई है, जिस कारण मौसम में बदलाव आ सकता है।
दक्षिणी पंजाब और आस-पास के इलाकों में ऊंचाई पर तेज हवाएं चल रही हैं।वहीं उत्तरी हरियाणा और निकटवर्ती क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का असर बना हुआ है। इसी कारण आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) के कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है।


